भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जानकारी साझा की।
खण्डेलवाल ने बताया कि मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए करीब 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक जरूरतों से जुड़कर सेवा कार्यों को व्यापक रूप देना है।
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने भी मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं, संयोजकों तथा समितियों के सदस्यों से संवाद कर फीडबैक लिया।
इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यक्रम सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा हुई। आगामी कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए गए।
