
रतलाम। अपराधियों पर शिकंजा कसने और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने रात्रिकालीन वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। सैलाना रोड स्थित सिद्ध विनायक कॉलोनी के समीप बुधवार देर रात पुलिस ने दो वाहनों पर सवार छह युवकों को रोककर तलाशी ली, जिसमें दो अवैध पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर हथियारों के साथ दोनों वाहन भी जब्त कर लिए।
पुलिस के अनुसार गुरूवार की रात थाना औद्योगिक क्षेत्र की टीम सैलाना रोड पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पलसोड़ा की ओर से तेज गति से एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी आती दिखाई दी। दोनों वाहनों को रोककर सवार युवकों की तलाशी लेने पर पल्सर चला रहे रोहित उर्फ कृष्णा माली की कमर से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस मिले। वहीं एक्टिवा चला रहे जितेंद्र उर्फ बड़ा गोलू के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी हथियारों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। जांच में यह भी सामने आया कि वाहन चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज भी नहीं थे। पुलिस ने दोनों पिस्टल, छह कारतूस, पल्सर मोटरसाइकिल और एक्टिवा स्कूटी जब्त कर सभी छह आरोपियों के विरुद्ध आम्र्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक अशोक दीक्षित, सहायक उप निरीक्षक विनोद कटारा सहित थाना आईए टीम की सराहनीय भूमिका रही।
इन्हें किया गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित उर्फ कृष्णा माली (19), वरुण उर्फ बंटी भार्गव (23), अबरार हुसैन (26), जितेंद्र उर्फ बड़ा गोलू (34), दीपेश उर्फ छोटा गोलू (22) तथा दीपांशु डाबी मालवीय (20) शामिल हैं। जब्त हथियारों और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है।
