केन्द्र ने वर्षा और बाढ से प्रभावित नागालैंड के लिए 20 करोड़ रूपये की अग्रिम राशि मंजूर की

नयी दिल्ली 28 अक्टूबर (वार्ता) केन्द्र सरकार ने अत्यधिक भारी वर्षा और बाढ़ से प्रभावित नागालैंड को तत्काल राहत सहायता प्रदान करने के लिए 20 करोड़ रूपए की अग्रिम राशि जारी करने की स्वीकृति दी है।केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में मंगलवार को यहां हुई बैठक में सहायता राशि जारी करने की मंजूरी दी गयी।
नागालैंड को यह राशि वर्ष 2025-26 के लिए दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान अत्यधिक भारी वर्षा और बाढ़ से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत सहायता प्रदान करने के लिए राज्य आपदा मोचन बल में केन्द्रीय हिस्से की दूसरी किस्त के रूप में जारी की जा रही है।
गृह मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि सरकार बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने से प्रभावित राज्यों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रति पूरी तरह कटिबद्ध है।
सरकार वर्ष 2025-26 में पहले ही इस कोष के तहत 27 राज्यों को 15,554 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय आपदा राहत कोष के तहत 15 राज्यों को 2,267.44 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है। इसके अतिरिक्त, राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष से 21 राज्यों को 4,571.30 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण कोष से 9 राज्यों को 372.09 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
केन्द्र सरकार ने बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने से प्रभावित सभी राज्यों को आवश्यक राष्ट्रीय आपदा मोचन बल टीमों, सेना और वायु सेना की तैनाती सहित सभी सहायता प्रदान की है। इस वर्ष मानसून के दौरान, बचाव और राहत कार्यों के लिए 30 राज्यों तथा केन्द्रशासित प्रदेशों में बल की सर्वाधिक 199 टीमों की तैनाती की गई थी।

Next Post

राष्ट्रपति मुर्मु कल राफेल लड़ाकू विमान में अंबाला से भरेंगी उडान

Tue Oct 28 , 2025
नयी दिल्ली 28 अक्टूबर (वार्ता) तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार को भारतीय वायु सेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान राफेल में उडान भरेंगी। राष्ट्रपति इससे पहले वायु सेना के सुखेाई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान में भी उडान भर चुकी हैं। राष्ट्रपति सचिवालय ने मंगलवार को बताया कि […]

You May Like