दुकान की आग के बाद अब व्यवस्थाओं पर खींचतान की आग, ताला लगाने वालों पर कार्रवाई तक काम बंद

खिलचीपुर। फलोदी सुपर बाजार में आग लगने के बाद नगर पालिका कार्यालय के गेट पर ताला लगाने का विवाद अब हड़ताल में बदल गया है. शुक्रवार से नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने काम बंद कर परिसर में टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया. हड़ताल के पहले ही दिन शहर में साफ-सफाई नहीं हुई. कर्मचारी गेट पर ताला लगाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े हैं. उनका कहना है कि मामला दर्ज होने तक वे काम पर नहीं लौटेंगे.

नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी शुक्रवार सुबह से काम बंद कर धरने पर बैठ गए. उनका कहना है कि कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर सरकारी कामकाज बाधित किया गया था. कर्मचारियों ने इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की. उनका कहना है कि कार्रवाई होने तक विरोध जारी रहेगा.

नवरात्रि से पहले हमारे शहर में सफाई ठप्प

हड़ताल के पहले दिन सफाई नहीं होने से शहर की व्यवस्था प्रभावित हुई. कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने से बिजली, सफाई और नगर पालिका की अन्य सेवाओं पर भी असर पडऩे की आशंका है. एक ओर लोग आग बुझाने की व्यवस्था को लेकर नगर पालिका पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं कर्मचारी कार्यालय पर ताला लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

खिलचीपुर में ‘आग’ किस बात पर लगी है

आग की घटना के बाद मानों जैसे शहर में नपा बनाम अन्य के बीच खींचतान की खबर ने आग पकड़ ली है. गेट बंदी के बाद नपाकर्मियों में अपनी सुरक्षा को लेकर मन में आग लगी है. वहीं व्यापारी सहित खिलचीपुर का अन्य जनमानस इस बात की आग में जल रहा है कि यदि नवरात्रि, दशहरे, दीपावली पर बाजार या पटाखा बाजार में कोई अनहोनी होती है तो क्या फूटे पाईप वाली अनफिट दमकल अपना धर्म निभाएगी. क्या आग पर काबू पाने के लिए सुधार होंगे या शहर की व्यवस्था और सुरक्षा इस आपसी आग में झुलसती रहेगी. 7 अक्टूबर को खिलचीपुर के फलोदी सुपर बाजार में भीषण आग लग गई थी. आग में दुकान का बड़ा हिस्सा और सामान जल गया था. दुकानदार ने करीब 50 लाख रुपए के नुकसान की बात कही थी. आग बुझाने की व्यवस्था को लेकर नाराज लोगों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध जताया था. इसी घटना के विरोध में कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू की है.

Next Post

खण्डेलवाल से दिव्यांग राइफल शूटर व इंफ्लुएंसर उत्कर्ष मिश्रा ने की सौजन्य भेंट

Fri Oct 9 , 2026
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के भोपाल स्थित निवास पर शुक्रवार को एक विशेष सौजन्य भेंट कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान मध्यप्रदेश के होनहार दिव्यांग राइफल शूटिंग खिलाड़ी और प्रतिभाशाली युवा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर उत्कर्ष मिश्रा ने उनसे मुलाकात की। ​भेंट के दौरान दोनों के बीच […]

You May Like