जबलपुर: तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में आज यानि गुरुवार 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान से ठीक पहले एक दिलचस्प और चौंकाने वाली तस्वीर जबलपुर रेलवे स्टेशन से सामने आई। पश्चिम मध्य रेलवे के बड़े और मुंबई प्रयागराज हावड़ा लाइन के महत्वपूर्ण स्टेशनों में से एक जबलपुर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में इन दिनों प्रवासी मजदूरो और यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
जानकारी जुटाने पर पता चला कि देश के अलग-अलग राज्यों जैसे पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत के कई बड़े शहरों से लोग बड़ी संख्या में अपने गृह राज्य पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु की ओर लौट रहे हैं। इसका कारण इन राज्यों में होने वाले मतदान को बताया जा रहा है। जहां सभी इस लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने अपने गृह राज्यों की ओर प्रस्थान करते हुए दिखे। इसमें सर्वाधिक यूपी, बिहार और झारखंड होकर पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखी गई थी।
मतदान है जरूरी
वही अधिकारियों की माने तो रेलवे ने इस बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए स्पेशल ट्रेनों की भी व्यवस्था की है, लेकिन इसके बावजूद यात्रियों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। यात्रियों से बातचीत करने में सामने आया कि कुछ लोग साफ तौर पर वोटिंग के लिए पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु लौट रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि उनकी पहले से ही घर जाने की योजना थी, जिसमें अब चुनाव का समय भी जुड़ गया है। कुछ यात्रियों ने बताया कि इस बार मतदाता सूची से जुड़े अपडेट और प्रक्रियाओं की वजह से भी लोग अपने-अपने घर जाकर मतदान को लेकर सतर्कता दिखा रहे हैं।
प्लेटफार्म पर लगती भीड़
जबलपुर रेलवे स्टेशन में लंबी दूरी की ट्रेनों के पहुंचते ही स्टेशन के फूड स्टॉल, पेयजल काउंटर समेत अन्य जगहों पर जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। ज्यादातर ट्रेनों का दस मिनट का स्टॉपेज रहने के कारण इनमें सफर कर रहे आम यात्रियों को खाने पीने की बेहतर सुविधा मुहैया हो जाती है। बुधवार की दोपहर दो बजे जबलपुर पहुंची ज्ञानगंगा एक्सप्रेस, पुणे सुपौल एक्सप्रेस और मुंबई मेल जैसी कई ट्रेनों में सीट से ज्यादा यात्री बैठे नजर आए। वही ट्रेनों के आते ही प्लेटफॉर्म पर बने फूड स्टॉल्स पर लंबी कतारें देखने को मिली।
इन ट्रेनों में बढ़ी भीड़
जबलपुर से होकर गुजरने वाली श्रमिक एक्सप्रेस, मुजफ्फरपुर हड़पसर एक्सप्रेस, गंगा कावेरी, संघमित्रा एक्सप्रेस, एलटीटी दानापुर और ताप्ती गंगा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के अंदर की तस्वीरें साफ दिखाती हैं कि इस समय भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में काफी ज्यादा है। एसी कोच से लेकर जनरल डिब्बों तक हर जगह यात्रियों की भारी संख्या नजर आ रही है।
