महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो परिवार और समाज दोनों होंगे समृद्ध : विकास मिश्रा

सीधी।महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में लखपति दीदी इनिशियेटिव अंतर्गत जिला स्तरीय संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर विकास मिश्रा ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्व-सहायता समूहों से जुड़ी संभावित लखपति दीदियों को विभिन्न विभागों के संसाधनों, तकनीकी विशेषज्ञता तथा शासकीय योजनाओं के अभिसरण के माध्यम से आय सृजन गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था।

बैठक में लखपति दीदी अभियान के अंतर्गत महिलाओं की आय बढ़ाने, स्वरोजगार के अवसर विकसित करने तथा उन्हें स्थायी आजीविका से जोड़ने के लिए विभागवार कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए कि वे अपने संसाधनों और योजनाओं का समन्वित उपयोग करते हुए अधिक से अधिक महिलाओं को लाभान्वित करें।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की सहभागी और परिवर्तन की वाहक के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उचित अवसर, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकी जानकारी और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे आत्मनिर्भर उद्यमी बन सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उन्हें बेहतर विपणन व्यवस्था से जोड़ा जाए। महिलाओं को स्थानीय, जिला एवं क्षेत्रीय स्तर के हाट-बाजारों सहित अन्य विपणन मंचों तक पहुंच उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनके उत्पादों को उचित मूल्य मिल सके और उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो।

कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं का मूल्यांकन केवल गतिविधियों के आधार पर नहीं, बल्कि परिणामों के आधार पर किया जाना चाहिए। महिलाओं को ऐसे व्यवसायों और उद्यमों से जोड़ा जाए जिनकी बाजार में वास्तविक मांग हो और जो उन्हें स्थायी आय प्रदान कर सकें। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होती हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज के समग्र विकास पर पड़ता है।बैठक में इस बात पर भी विशेष बल दिया गया कि स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ सहज और समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए विभागीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा पात्र महिलाओं तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान लखपति दीदी अभियान के लक्ष्यों, संभावनाओं एवं विभिन्न विभागों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने महिलाओं को उद्यमिता, कौशल विकास, वित्तीय साक्षरता, उत्पाद निर्माण, ब्रांडिंग एवं विपणन से जोड़ने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनंजय मिश्रा, जिला परियोजना प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह, सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, उद्योग एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Next Post

रिश्वतखोर नायब तहसीलदार और उनके सहयोगी को सुनाई 5-5 वर्ष के कठोर कारावास और जुर्माने की सजा 

Fri Jun 19 , 2026
पन्ना,भ्रष्टाचार के खिलाफ पन्ना न्यायालय ने एक बड़ा और नजीर पेश करने वाला फैसला सुनाया है। अदालत ने गुनौर के तत्कालीन भ्रष्ट नायब तहसीलदार रविशंकर शुक्ला और उनके सह-आरोपी चौकीदार देवीदयाल दहायत को पांच-पांच साल के सश्रम कारावास की सजा से दंडित किया है। विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) सुरेंद्र […]

You May Like