
रीवा।उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि विकास के साथ कला और संस्कृति का विकास आवश्यक है. रीवा के राजकपूर ऑडिटोरियम में कलाकारों को विभिन्न आयोजनों की प्रस्तुति के लिए मंच उपलब्ध हो रहा है. इस प्रकार के आयोजनों से ऊर्जा का संचार होता है. उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल गत रात्रि शान-ए-विन्ध्य सम्मान समारोह में शामिल हुए तथा इस अवसर पर उनका शाल, श्रीफल व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया.
राजकपूर आडिटोरियम में देर रात्रि तक चले आयोजन में देश के ख्यातिलब्ध कलाकार एहसान कुरैशी तथा अन्य कलाकारों ने लोगों को अपनी हास्य प्रस्तुतियों से लोट-पोट कर दिया. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एहसान कुरैशी जी ने लोगों को खूब हंसाया. हंसाने वाले लोग कम ही होते हैं. उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति से जुड़े आयोजनों से कलाकारों का उत्साह बढ़ता है और शहर में जीवंतता बनी रहती है. श्री शुक्ल ने कहा कि शान-ए-विन्ध्य सम्मान समारोह के आयोजक बधाई के पात्र हैं जिन्होंने यह आयोजन किया. इस अवसर पर प्रतिभावान कलाकारों का सम्मान भी किया गया. ऐसे आयोजन हमेशा होते रहना चाहिए. उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया. इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, वरिष्ठ पत्रकार जयराम शुक्ल सहित बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे.
