योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखता है : आरती बिराजदार

मुंबई, 19 जून (वार्ता) सन नियो के आगामी टीवी शो थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान में वैदेही की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री आरती बिराजदार ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल एक चलन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में मदद करता है।आरती ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली, प्रदूषण और तकनीक पर बढ़ती निर्भरता का लोगों के स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे समय में योग उन्हें शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से शांत और भावनात्मक रूप से संतुलित बनाए रखता है। उन्होंने कहा कि योग का वास्तविक लाभ तभी मिलता है जब इसे नियमित रूप से जीवन का हिस्सा बनाया जाए।
आरती बिराजदार ने बताया कि वह प्रतिदिन सूर्य नमस्कार करती हैं। व्यस्त शूटिंग कार्यक्रम के बावजूद वह सामान्यतः 25 राउंड सूर्य नमस्कार करने का प्रयास करती हैं। इसके अलावा वह पश्चिमोत्तानासन, धनुरासन, सर्वांगासन, चक्रासन, मत्स्यासन, वज्रासन और पद्मासन का भी अभ्यास करती हैं। उन्होंने कहा कि शवासन उन्हें सबसे अधिक मानसिक शांति प्रदान करता है।

आरती ने कहा कि कॉलेज के दिनों में वह योग को लेकर और अधिक नियमित थीं। अच्छी नींद, पौष्टिक भोजन, योग और प्राणायाम को वह स्वस्थ जीवन की बुनियाद मानती हैं। उन्होंने बताया कि वह अनुलोम-विलोम, कपालभाति, ओंकार जप और भ्रामरी प्राणायाम भी करती हैं, जो मन को शांत और शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक हैं। योग और जिम की तुलना पर उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण चीज निरंतरता है। उनके अनुसार जिम शरीर को मजबूत बनाता है, जबकि योग शरीर और मन दोनों में संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि यदि योग, जिम, संतुलित आहार और पर्याप्त नींद को साथ में अपनाया जाए तो अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। आरती ने कहा कि अच्छी सेहत एक दिन में नहीं बनती, बल्कि रोजाना अपनाई गई अच्छी आदतों का परिणाम होती है। इसलिए योग को केवल एक ट्रेंड नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

.....

Next Post

बॉबी देओल के अभिनय की मुरीद हैं आलिया भट्ट

Fri Jun 19 , 2026
मुंबई, 19 जून (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अभिनेता बॉबी देओल की अभिनय क्षमता की जमकर सराहना करते हुए कहा है कि वह एक ऐसे कलाकार हैं, जो बिना किसी प्रयास के अपने किरदार को जीवंत बना देते हैं।आलिया ने अपनी आगामी फिल्म ‘ऐल्फा’ में बॉबी देओल के साथ […]

You May Like