जबलपुर: कैंट थाना अंतर्गत पुल नंबर 2 के पास स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पैदल जा रही एक युवती के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और रफूचक्कर हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बेलबाग के पांडे अस्पताल के पास रहने वाली 22 वर्षीय शालू मिश्रा सदर स्थित ग्लेमर जोन कॉस्मेटिक शॉप एवं जनरल स्टोर में सेल्स गर्ल का काम करती है। वह रोज की तरह ऑटो से काम पर आ रही थी।
सुबह करीब 11:25 बजे वह पुल नंबर 2 के पास उतरी और वहां से पैदल सदर की तरफ अपनी दुकान के लिए रवाना हुई। पुल नंबर 2 से करीब 100 मीटर आगे बढ़ते ही पीछे से एक बिना नंबर की स्कूटी पर दो युवक आए। इससे पहले कि शालू कुछ समझ पाती, स्कूटी पर पीछे बैठे लड़के ने उसके हाथ पर झपट्टा मारा और मोबाइल छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से एम्पायर तिराहे की तरफ भाग निकले।
