वाशिंगटन, 03 मई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान ने फिर से तनाव बढ़ाने वाला कोई कदम उठाया या “गलत व्यवहार” किया, तो वह उसके खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई का आदेश दे सकते हैं, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध समाप्त करने के संभावित समझौते को लेकर तेहरान के कूटनीतिक प्रस्ताव की वह समीक्षा कर रहे हैं।
श्री ट्रंप ने शनिवार को संवाददाताओं से बातचीत में सैन्य विकल्प की संभावना खुली रखते हुए कहा, “अगर वे गलत व्यवहार करते हैं, अगर वे कुछ बुरा करते हैं… लेकिन अभी देखेंगे। यह निश्चित रूप से संभव है।”
यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के संभावित ढांचे को लेकर मसौदों का आदान-प्रदान जारी है, हालांकि किसी ठोस सफलता के संकेत अभी तक नहीं मिले हैं।
चर्चा से जुड़े सूत्रों के अनुसार ईरान ने हाल ही में 14 सूत्री प्रस्ताव सौंपा है, जिसमें एक महीने की समय सीमा के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने, अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने और इजरायल-हिज्बुल्लाह संघर्ष सहित व्यापक युद्ध समाप्त करने की रूपरेखा शामिल है। इसके बाद दूसरे चरण में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता का प्रस्ताव है।
श्री ट्रंप पहले ही इस प्रस्ताव को लेकर अपनी शंकाएं जता चुके हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि वह इस पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने रवाना होने से पहले कहा, “मैं इसे देख रहा हूं। बाद में बताऊंगा।” उन्होंने कहा कि उन्हें प्रस्ताव की रूपरेखा की जानकारी दी गई है और वह पूरे दस्तावेज की समीक्षा का इंतजार कर रहे हैं।
श्री ट्रंप ने हालांकि बाद में अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर प्रस्ताव को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए लिखा कि उन्हें “कल्पना नहीं होती कि यह स्वीकार्य हो सकता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने “पिछले 47 वर्षों में मानवता और दुनिया के साथ जो किया है, उसके लिए अभी पर्याप्त कीमत नहीं चुकाई है।”
कूटनीतिक प्रक्रिया जारी रहने के बावजूद अमेरिका सैन्य स्तर पर भी तैयारी बनाए हुए है। रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) के प्रमुख ब्रैड कूपर ने इस सप्ताह श्री ट्रंप को संभावित सैन्य विकल्पों पर जानकारी दी। इसके बाद कूपर क्षेत्रीय दौरे पर गए और अरब सागर में तैनात यूएसएस ट्रिपोली पर अमेरिकी सैन्यकर्मियों से मुलाकात की।