हैदराबाद, 03 अगस्त (वार्ता) तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो ने इस साल जनवरी से जुलाई महीने में चलाये गये एक बड़े अभियान में देश भर से 27 महिलाओं सहित 228 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
ये गिरफ्तारियाँ तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड सहित कईं अन्य राज्यों में साइबर अपराध पुलिस थानों की मदद से की गईं हैं।
पुलिस ने बताया कि ये मामले कॉल सेंटरों, नौकरी के घोटालों, बाल शोषण, साइबर अरेस्ट मॉड्यूल तक जैसे कई तरह के साइबर अपराधों से जुड़े हैं। इस पुलिस कार्रवाई के चलते इस साल पहली छमाही में साइबर अपराध के मामलों में 13 प्रतिशत की गिरावट आई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों पर पूरे देश 1,313 मामले हैं। इनमें तेलंगाना में कुल 92 करोड़ रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी के 189 मामले शामिल हैं। अधिकांश आरोपी 18 से 30 वर्ष की आयु के हैं। इनमें से कई छात्र, सॉफ्टवेयर पेशेवर, निजी कर्मचारी और यहाँ तक कि बैंक कर्मचारी भी हैं। इनमें से 49 स्नातक हैं, 18 के पास बी.टेक डिग्री है और एक लॉ ग्रेजुएट है।
इनमें फर्जी कॉल सेंटर (66), निवेश और नौकरी धोखाधड़ी (77), बाल यौन शोषण (15), साइबर गुलामी मॉड्यूल (18), ऑनलाइन ट्रेडिंग धोखाधड़ी (13), और सिम बॉक्स संचालन, डिजिटल गिरफ्तारी, पहचान आंकड़ों की चोरी जैसे अन्य अपराध शामिल हैं। उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी की शिकायत 1930 पर की जा सकती है।
