नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विज्ञान भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ (PM-VBRY) के तहत 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित करेंगे। इस योजना का मुख्य उद्देश्य पहली बार कार्यबल में शामिल होने वाले युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना और औपचारिक अर्थव्यवस्था में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है। अब तक यह योजना 15 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित कर चुकी है।
नियोक्ता और कर्मचारियों को विशेष लाभ
इस स्कीम के अंतर्गत पहली बार काम करने वाले कर्मचारियों को 15,000 रुपये तक का इंसेंटिव मिलेगा। साथ ही, रोजगार पैदा करने वाले नियोक्ताओं को प्रत्येक नए कर्मचारी के लिए 3,000 रुपये प्रति माह का प्रोत्साहन दिया जाएगा। विनिर्माण क्षेत्र में नियोक्ताओं को चार साल और अन्य क्षेत्रों में दो साल तक यह लाभ मिलेगा, जिससे औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और सामाजिक सुरक्षा कवरेज मजबूत होगी।
विकसित भारत का संकल्प
अगस्त 2025 में 99,446 करोड़ रुपये के बजट के साथ शुरू की गई यह योजना अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ से अधिक नौकरियां पैदा करने का लक्ष्य रखती है। इसमें लगभग 1.92 करोड़ ऐसे युवा शामिल हैं जो पहली बार वर्कफोर्स का हिस्सा बन रहे हैं। सरकार का यह कदम आर्थिक विकास के लाभों को जमीनी स्तर तक पहुँचाने और देश के युवाओं के लिए एक सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।

