
ओंकारेश्वर। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को अपने मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान पवित्र तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर पहुंचकर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल भगवान ओंकारेश्वर एवं ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना एवं अभिषेक कर देशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र की खुशहाली की कामना की।
ममलेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश से पूर्व राष्ट्रपति ने नंदी महाराज को बेलपत्र अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात आचार्यों के सान्निध्य में भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन संपन्न हुआ। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रों और शिव स्तुति की गूंज के बीच आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला।
ओंकारेश्वर पहुंचने पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राष्ट्रपति का आत्मीय स्वागत किया। दर्शन-पूजन के उपरांत कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया, जबकि सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने नर्मदेश्वर शिवलिंग, शंख और भगवान ओंकारेश्वर का छायाचित्र भेंट कर अभिनंदन किया।
राष्ट्रपति के आगमन से संपूर्ण ओंकारेश्वर नगरी आध्यात्मिक उल्लास और उत्साह से सराबोर नजर आई। देश की प्रथम नागरिक का इस पवित्र धाम में दर्शन-पूजन करना न केवल ओंकारेश्वर, बल्कि पूरे निमाड़ अंचल के लिए गौरव और ऐतिहासिक महत्व का अवसर माना जा रहा है। राष्ट्रपति की इस यात्रा ने धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से ओंकारेश्वर की वैश्विक पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान की है।
