सीहोर। नपा परिषद में प्रेसीडेंट इन काउंसिल की बैठक में शहर के विकास को लेकर कई बड़े निर्णय लिए गए. बैठक में रखे गए सभी 39 प्रस्तावों पर सहमति बनी. इनमें शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और सामुदायिक भवन निर्माण सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं.
बैठक में पांच वार्डों के लिए करीब 1 करोड़ 24 लाख रुपए के प्रमुख निर्माण कार्यों पर सहमति बनने से विकास कार्यों को गति मिलने का रास्ता साफ हो गया है. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि शहर का सर्वांगीण विकास और प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है.
बैठक में वार्ड 2 की देवनगर कॉलोनी में माताजी के मंदिर के पीछे झागरिया रोड पर 38 लाख रुपए की लागत से नाली निर्माण के प्रस्ताव पर सहमति बनी. वहीं वार्ड 6 में जैन मंदिर वाली गली में 12 लाख 50 हजार रुपए की लागत से सड़क निर्माण किया जाएगा. ार्ड 8 में गल्र्स छात्रावास के सामने 18 लाख 57 हजार रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण को मंजूरी दी गई. पीआईसी बैठक में वार्ड 13 के नवल मोहल्ला गंज में 37 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण पर सहमति बनी. इसी तरह भवन बनने से क्षेत्रवासियों को सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा. वहीं वार्ड 22 में 17 लाख 80 हजार रुपए की लागत से विभिन्न स्थानों पर सीसी सड़कें बनाई जाएंगी.
