
इटारसी। कौशल श्री विकास समिति द्वारा “प्रतिभा का उत्सव • भविष्य की तैयारी” थीम के अंतर्गत प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन पंडित भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम, इटारसी में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए मेधावी विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
समिति के अध्यक्ष सतीश बिल्लौरे ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि “प्रतिभा सम्मान समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सही दिशा एवं अवसरों से जोड़ना है।” उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा विद्यार्थियों को और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक सीताशरण शर्मा ने कहा कि “शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है। लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने वाले विद्यार्थी ही भविष्य में समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से अपने समय का सदुपयोग करते हुए उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं समाजसेवी पंडित गिरजाशंकर शर्मा, समाजसेवी अजय सैनी एवं राजकुमार बावरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समारोह के अंतर्गत आयोजित विशेष करियर मार्गदर्शन सत्र में एलन सिटी यूनिवर्सिटी से लेफ्टिनेंट अनुराग चौकसे, रवीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी से डॉ. अनिल तिवारी तथा प्रेस्टीज ग्रुप से परवेश कुरैशी ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति की ओर से राकेश बावरिया, सुनील सोनी, राजेश गंधेवार, निहारिका चौधरी, अक्षय बिल्लौरे, अर्पण दुबे एवं चेतन रैकवार का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन मुकेश शुक्ला एवं सुनील सोनी ने किया।
कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
