
छतरपुर। बकस्वाहा थाना क्षेत्र के निवार गांव में 50 वर्षीय रामसिंह लोधी उर्फ सरला का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही बकस्वाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कुछ ग्रामीणों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने पहले बम्होरी पुलिस चौकी के सामने प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच का भरोसा दिए जाने के बाद वे शव लेकर गांव के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में उनका आक्रोश फिर भड़क उठा। परिजनों ने सेमरा पुल पर शव रखकर सागर-छतरपुर हाईवे जाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
हाईवे जाम की सूचना पर बकस्वाहा थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया जा सका। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
