अशोकनगर:जिले में अनियमित विद्युत आपूर्ति और लो-वोल्टेज की समस्या अब स्थानीय उद्योगों के अस्तित्व के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है। नवीन मंडी के पास स्थित कलाकार फूड एंड बेवरेज (मिनरल वाटर पैकेजिंग प्लांट)इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। इस इकाई में 20 से 25 स्थानीय कर्मचारी कार्यरत हैं। उद्योग संचालक प्रतिमाह 90 हजार से 1.20 लाख तक का बिजली बिल चुकाते हैं,लेकिन इसके बावजूद प्लांट को रोजाना 8 से 10 घंटे की अघोषित बिजली कटौती और भयंकर लो वोल्टेज का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद और ऊर्जा मंत्री से गुहारः
उत्पादन बाधित होने से उद्योग को दोहरा नुकसान उठाना पड़ रहा है:विशाल कलाकार ने बताया बिजली कटौती और लो बॉल्टेज की समस्या के चलते उद्योग को काफी नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि कभी हाई वोल्टेज से मशीनें फुंक जाती हैं, तो कभी लो-वोल्टेज के कारण चालू ही नहीं हो पातीं। वहीं काम ठप होने पर भी 15 से 20 हजार का दैनिक श्रम व्यय (कर्मचारियों का वेतन) और 30 से 35 हजार का मासिक फिक्स बिजली चार्ज लगातार देना पड़ रहा है।
स्थानीय विद्युत विभाग द्वारा कोई सुनवाई न होने पर परेशान उद्योग संचालक ने अब क्षेत्रीय सांसद और प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
पत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति
सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। उद्योग जगत का साफ कहना है कि यदि बिजली संकट का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो सरकार के रोजगार सृजन के सारे प्रयास धरे के धरे रह जाएंगे।
