
छतरपुर। नगर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशालाओं में स्थानांतरित करने का अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत नगर पालिका की टीम ने बस स्टैंड, पुलिस लाइन रोड, कॉलेज तिराहा, छत्रसाल चौराहा, पन्ना नाका, आकाशवाणी तिराहा और बिजावर नाका सहित प्रमुख मार्गों से मवेशियों को हटाया। पकड़े गए मवेशियों को राधेपुर, नंदीधाम और दयोदय सरानी गौशालाओं में भेजा जा रहा है।
सड़कों पर मवेशियों के बैठने और विचरण करने से वाहन चालकों तथा राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। नगर पालिका की कार्रवाई से प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिल रही है।
नगर पालिका सीएमओ माधुरी शर्मा ने बताया कि आवारा मवेशियों को सड़कों से हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने पशुपालकों से अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वाले पशु मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
