भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस डॉक्टर एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा 19 जून को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य जनसेवा के साथ-साथ नागरिकों में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना है।
शिविर का आयोजन भोपाल स्थित मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) कार्यालय परिसर में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। शिविर में आम नागरिकों को ईसीजी, रक्तचाप, ब्लड शुगर एवं बीएमआई जांच जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श दिया जाएगा तथा आवश्यक दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
मध्यप्रदेश कांग्रेस डॉक्टर एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह धाकड़ ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राहुल गांधी के जनसेवा, सामाजिक न्याय और आमजन के कल्याण के प्रति समर्पण से प्रेरित है।
कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. विक्रम चौधरी ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्वास्थ्य सेवाओं को प्रत्येक नागरिक का मूलभूत अधिकार मानती है और इसी उद्देश्य से यह निःशुल्क शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से शिविर में भाग लेकर स्वस्थ जीवन के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।
