जीएसटी सुधार : बचत उत्सव और आत्मनिर्भर भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन वस्तुत: अर्थव्यवस्था और नागरिक जीवन को एक नई दिशा देने वाला संदेश है. इसमें नवरात्र के पावन अवसर पर उन्होंने ‘बचत उत्सव’ का आह्वान किया, जो न केवल त्योहारों की खुशियों को बढ़ाता है बल्कि आर्थिक सुधारों की ठोस तस्वीर भी प्रस्तुत करता है. जीएसटी के ताज़ा सुधार इसी सकारात्मक परिप्रेक्ष्य का हिस्सा हैं. प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जीएसटी के सरलीकरण से न केवल कर संरचना आसान हुई है, बल्कि आम उपभोक्ता और छोटे व्यवसाय दोनों को दोहरी राहत मिलेगी. टैक्स दरों को घटाकर केवल 5 और 18 प्रतिशत स्लैब तक सीमित करना, रोजमर्रा के जीवन पर सीधे असर डालने वाला कदम है. ब्रश-पेस्ट, दवाइयां, खाने-पीने का सामान, बीमा जैसी आवश्यक वस्तुओं पर या तो शून्य कर या न्यूनतम 5 प्रतिशत कर लागू होगा. यह कदम मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधे राहत देगा और साथ ही त्योहारों की खरीददारी के दौरान उपभोक्ताओं के उत्साह को दोगुना करेगा.

प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से लघु, कुटीर और एमएसएमई उद्यमों का उल्लेख किया. यह तथ्य किसी से छिपा नहीं है कि भारत की प्राचीन समृद्धि का आधार यही छोटे उद्योग रहे हैं. आज यदि इन्हें सस्ता टैक्स और आसान प्रक्रियाओं का लाभ मिलेगा, तो उत्पादन बढ़ेगा, बिक्री में तेजी आएगी और रोजगार सृजन के नए अवसर बनेंगे. इससे ‘आत्मनिर्भर भारत’ का सपना और सशक्त होगा.

प्रधानमंत्री का यह कहना कि “गर्व से कहो मैं स्वदेशी खरीदता हूं” वस्तुत: उपभोक्ता आचरण को बदलने का आह्वान है. यह विचार यदि जनमानस में गहरे बैठ जाए तो भारतीय उत्पादन क्षमता को अप्रत्याशित बल मिलेगा. स्वदेशी का आग्रह केवल भावनात्मक अपील नहीं, बल्कि आर्थिक मजबूती और राष्ट्रीय आत्मविश्वास की कुंजी है.

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ‘नियो मिडिल क्लास’ का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले एक दशक में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं. यह नया वर्ग महत्वाकांक्षी है, जिसके सपने घर, वाहन, यात्रा और गुणवत्तापूर्ण जीवन से जुड़े हैं. टैक्स राहत और जीएसटी सुधार मिलकर इस वर्ग की आकांक्षाओं को साकार करने का माध्यम बन सकते हैं. जब घर बनाना, वाहन खरीदना और यात्रा करना सस्ता होगा तो यह वर्ग खपत को बढ़ाएगा और अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा डालेगा.

जीएसटी सुधार केवल कर नीति का परिवर्तन नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक एकता और दक्षता का प्रतीक है. पहले अलग-अलग राज्यों में टैक्स और टोल के जाल से कंपनियां परेशान रहती थीं. आज ‘वन नेशन, वन टैक्स’ की व्यवस्था ने उस अव्यवस्था को समाप्त किया है. यह सुधार न केवल व्यापार को आसान बनाता है बल्कि उपभोक्ताओं के लिए भी कीमतों को नियंत्रित करता है. नवरात्र और आने वाला त्योहार सीजन देश की आर्थिक धडक़न को तेज करता है. ऐसे समय प्रधानमंत्री का ‘बचत उत्सव’ का आह्वान न केवल आश्वस्त करता है बल्कि उपभोक्ताओं को सीधे लाभ का भरोसा भी देता है. यह त्योहार अब सिर्फ धार्मिक या सामाजिक ही नहीं, बल्कि आर्थिक समृद्धि का भी उत्सव बनेंगे.निस्संदेह, जीएसटी सुधार भारत की विकास यात्रा में ‘नेक्स्ट जेन’ कदम हैं. इनसे छोटे उद्योगों को प्रोत्साहन, उपभोक्ताओं को राहत और राष्ट्र को आत्मनिर्भरता की नई ऊर्जा मिलेगी. प्रधानमंत्री का संदेश स्पष्ट है—जब केंद्र और राज्य मिलकर सुधारों की गति तेज करेंगे, तब विकसित भारत का सपना साकार होगा. यही ‘बचत उत्सव’ का असली अर्थ है.

 

 

Next Post

डि कॉक ने संन्यास का फैसला लिया वापस, पाकिस्तान दौरे के लिए सफेद गेंद टीम में शामिल

Tue Sep 23 , 2025
केप टाउन (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास लेने का अपना फैसले वापस ले लिया है और चयनकर्ताओं उन्हें पाकिस्तान दौरे के लिए एकदिवसीय और टी-20 टीमों में शामिल किया गया है। इसके साथ ही वह नामीबिया के साथ एकमात्र टी-20 मैच […]

You May Like