मुंबई, 22 मई (वार्ता) सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क, फ्रेंच ओपन 2026 की पूरी कवरेज देने के लिए पूरी तरह तैयार है। 24 मई, 2026 से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में, पूरे भारत के टेनिस प्रेमियों को क्ले-कोर्ट पर होने वाले मुकाबलों का रोमांच देखने को मिलेगा। यह ग्रैंड स्लैम नेटवर्क के स्पोर्ट्स चैनलों पर लाइव दिखाया जाएगा और सोनी लिव पर इसकी लाइवस्ट्रीमिंग होगी। यह कवरेज अंग्रेज़ी, हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में उपलब्ध होगी।
फ्रेंच ओपन, प्रोफेशनल टेनिस की सबसे कठिन चुनौतियों में से एक माना जाता है। पेरिस की लाल क्ले (मिट्टी) पर ही टेनिस के कुछ सबसे यादगार मुकाबले खेले गए हैं। चोट के कारण कार्लोस अल्काराज के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद, इस ग्रैंड स्लैम में जैनिक सिनर, इगा स्वीयाटेक, आर्यना सबालेंका और कोको गॉफ जैसे खिलाड़ी मुख्य आकर्षण होंगे।
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क ने रौलां गैरो 2026 के अनुभव को और भी शानदार बनाने के लिए विशेषज्ञों का एक बेहतरीन पैनल तैयार किया है। ग्रैंड स्लैम चैंपियन सानिया मिर्ज़ा और सोमदेव देववर्मन पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल की बारीकियों और गहन विश्लेषण के साथ दर्शकों का मार्गदर्शन करेंगे। सोमदेव, वेदिका आनंद के साथ मिलकर दर्शकों के पसंदीदा शो ‘एक्सट्रा सर्वे ‘ को होस्ट करेंगे, जिसमें वेदिका खेल से जुड़ी दिलचस्प कहानियाँ और जानकारियाँ साझा करेंगी। टूर्नामेंट के आखिरी हफ़्ते में सानिया मिर्ज़ा भी इस पैनल में शामिल होंगी और टेनिस के अपने गहन ज्ञान से दर्शकों को रूबरू कराएंगी।

