नीमच: जिले के नयागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कानका में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके भाई, भाभी और भतीजे के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों ने नयागांव पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पप्पू पिता बद्रीलाल तेली के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्ष में पप्पू तेली की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। मृतक की बेटी ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी विवाद हुआ था, जिसके वीडियो और अन्य साक्ष्य लेकर वे पुलिस चौकी पहुंचे थे। उनका कहना है कि शिकायत सुनने के बजाय पुलिस अधिकारियों ने उन्हें वहां से भगा दिया। बेटी का आरोप है कि यदि उस समय पुलिस ने उचित कार्रवाई की होती तो आज उसके पिता की जान नहीं जाती।
