गुना में हादसा: यूरिया से भरा ट्रक पलटा, पानी भर रहे 13 लोग खाद की बोरियों के नीचे दबे

गुना। गुना जिले के अनंतपुर-मोईया रोड पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। आरोन की ओर से राघौगढ़ जा रहा यूरिया खाद से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अंधा मोड़ होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि सड़क किनारे सरकारी नल पर पानी भर रहे करीब 13 लोग ट्रक में लदी यूरिया की सैकड़ों बोरियों के नीचे दब गए। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे की है। आरोन की ओर से आ रहा ट्रक अनंतपुर-मोईया मार्ग पर स्थित एक मोड़ पर रफ्तार तेज होने की अचानक पलट गया। दुर्घटना स्थल के पास ही एक सरकारी नल था, जहां सुबह के वक्त पानी भरने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ लगी हुई थी। घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें से अधिकांश लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। ट्रक पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत घटना की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे और खाद की भारी-भरकम बोरियों को हाथों से उठाकर फेंकना शुरू किया। स्थिति को देखते हुए तत्काल जेसीबी मशीन को भी मौके पर बुलाया गया। भारी मशक्कत के बाद बोरियों के नीचे दबे बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को बाहर निकाला जा सका।

हादसे में घायल सभी 13 लोगों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। इनमें से 9 घायलों को राघौगढ़ के साडा अस्पताल में और गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने शुरूआती तौर पर 7 लोगों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि की है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

बदमाशों ने लाइनमैन को चाकू मारकर बाइक, मोबाइल और नगदी लूटी

Wed Jun 17 , 2026
जबलपुर। गोसलपुर थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे एनएच 30 में देर रात ड्यूटी कर लौट रहे एक प्राइवेट लाइनमैन को हथियारबंद बदमाशों ने घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल सहित नगदी लूटकर फरार हो गए। घायल युवक आधी रात तक लहूलुहान हालत में खेत में […]

You May Like