बदमाशों ने लाइनमैन को चाकू मारकर बाइक, मोबाइल और नगदी लूटी

जबलपुर। गोसलपुर थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे एनएच 30 में देर रात ड्यूटी कर लौट रहे एक प्राइवेट लाइनमैन को हथियारबंद बदमाशों ने घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल सहित नगदी लूटकर फरार हो गए। घायल युवक आधी रात तक लहूलुहान हालत में खेत में बेहोश पड़ा रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मोहला निवासी अजीत कुमार पटेल (32) गोसलपुर पावर हाउस में प्राइवेट लाइनमैन है। मंगलवार रात लगभग 9 बजे वह मुस्करा में बिजली फॉल्ट ठीक करने गया था। काम खत्म करने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेड सी 9637 से गोसलपुर वापस लौट रहा था। रात लगभग 11:30 बजे, नेशनल हाईवे एनएच 30 से महज 200 मीटर पहले एक अनजान युवक ने हाथ देकर अजीत को रोका। अजीत ने जैसे ही गाड़ी रोकी, युवक ने तुरंत चाकू निकाल लिया और पैसे देने की धमकी दी। आरोपी ने अजीत की जेब में रखे 1200 और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। जब पीड़ित ने लूट का विरोध किया, तो आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। इसी बीच अंधेरे से निकलकर आरोपी के 2-3 अन्य साथी भी वहां आ धमके। खुद को घिरा देख अजीत अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा, लेकिन बदमाशों ने उसे दौड़ाकर उसकी कमर पर चाकू से दूसरा वार कर दिया। इसके बाद बदमाश पीड़ित की मोटरसाइकिल लेकर भी रफूचक्कर हो गए। चारों तरफ अंधेरा होने के कारण पीड़ित आरोपियों के चेहरे ठीक से नहीं देख सका। वह जान बचाने के लिए रेंगते हुए पास के खेत की तरफ भागा, जहां अत्यधिक खून बहने की वजह से वह बेहोश हो गया। करीब 2 से 3 घंटे बाद जब उसे होश आया, तो वह किसी तरह घिसटते हुए हाईवे पर स्थित राजेश यादव की टायर पंचर दुकान पर पहुंचा और मदद मांगी। बुधवार सुबह पीड़ित लाइनमैन ने गोसलपुर थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस हुलिए और हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है।

Next Post

सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी पार

Wed Jun 17 , 2026
जबलपुर। गोहलपुर थाना अंतर्गत समता कॉलोनी अम्बेडकर कॉलोनी में चोरों ने पीआरओ के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त पीड़ित परिवार अपनी बेटी से मिलने मुंबई गया हुआ था। पड़ोसी की सूचना पर लौटे पीड़ित […]

You May Like