ग्वालियर: जखारा-बिलारा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया. भंडारा खाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. इस हादसे में 20 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए हैं. जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और बच्चे शामिल हैं. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना के बाद बिजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
घायलों को देखने कलेक्टर रुचिका चौहान अस्पताल पहुंची और सभी मरीजों से हाल चाल जाना. साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए. यह घटना बिजौली थाना क्षेत्र के सुपावली रोड की है.सभी घायल ग्वालियर के बिजौली थाना के टोरियन के पूरा गांव के रहने वाले हैं. घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं. ट्रैक्टर ट्रॉली पर 40 से ज्यादा लोग सवार थे और ये सभी गांव से भंडारा खाकर लौट रहे थे.
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार होने के कारण ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. ट्रॉली पलटते ही चीख-पुकार मच गई और कई लोग भारी लोहे की ट्रॉली के नीचे दब गए. हालांकि चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और सभी को बाहर निकाला. मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल भेजा. हालांकि इनमें से चार घायलों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है.
