
खंडवा। खंडवा शहर में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण सिंधी कॉलोनी में सोमवार देर रात देखने को मिला। शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र, आयुक्त बंगले के ठीक पीछे दो प्रतिष्ठित सिंधी व्यापारियों के साथ करीब 3 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट और मारपीट की वारदात ने पूरे व्यापारी वर्ग को हिला कर रख दिया है।
कैसे हुई वारदात?
जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यापारी अमर कोटवानी और भगवान दास (कालू) हेमवानी, जो गोल्डन बूट हाउस के संचालक हैं, सोमवार रात करीब 10-11 बजे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके पास एक झोले में दिन भर की दुकान का पेमेंट, जो लगभग 3 लाख रुपये बताया जा रहा है, रखा था। इसी दौरान आयुक्त बंगले के पीछे सुनसान जगह पर पहले से घात लगाए बैठे 2-3 नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।बदमाशों ने पहले व्यापारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की और फिर झोला छीनकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मारपीट में दोनों व्यापारियों को चोटें आई हैं, जिनका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। भगवान दास हेमवानी के सिर और चेहरे पर ज्यादा चोट बताई जा रही है।
पुलिस महकमे में हडक़ंप, एसपी से लेकर सीएसपी तक एक्शन में
घटना की सूचना मिलते ही रात में ही मोघट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण मंगलवार सुबह खुद पुलिस अधीक्षक अगम जैन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल व्यापारियों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और उनका हाल-चाल जाना। एसपी ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।इसके बाद सीएसपी अभिनव बारंगे और मोघट थाना प्रभारी विकास खींची ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाए जाने की चर्चा है। पुलिस ने आसपास की सभी दुकानों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध बदमाश कैमरों में कैद हुए हैं और पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।
व्यापारियों में भारी आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस लूटकांड के बाद सिंधी कॉलोनी सहित पूरे शहर के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारी संगठनों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि जब आयुक्त बंगले के पीछे जैसी जगह पर लूट हो सकती है तो शहर में व्यापारी सुरक्षित कैसे हैं? देर रात तक दुकान से कैश लेकर घर जाना अब जोखिम भरा हो गया है।फिलहाल मोघट थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर लिया जाएगा। अब देखना यह होगा कि खंडवा पुलिस कब तक इन बेखौफ लुटेरों को सलाखों के पीछे पहुंचाती है।
