
भोपाल। प्रदेश सरकार ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग पर अत्याचार की संभावनाओं को देखते हुए 23 जिलों के 63 थाना क्षेत्रों के 88 इलाकों को संवेदनशील घोषित किया है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में इन क्षेत्रों को आइडेंटिफाई एरिया चिह्नित करते हुए पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता और सख्त कानून पालन के निर्देश दिए गए हैं।
अधिसूचना के मुताबिक, इन थानों में अतिरिक्त गश्त, लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की घटना को रोका जा सके। यह कदम अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत उठाया गया है।
प्रदेश के कई जिलों जैसे ग्वालियर, मुरैना, धार, बैतूल, मंडला, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नर्मदापुरम, इंदौर और रायसेन सहित अन्य जिलों के थानों को इस सूची में शामिल किया गया है। सरकार ने कहा है कि जिला और पुलिस प्रशासन अब इन क्षेत्रों में विशेष अलर्ट पर रहकर कानून-व्यवस्था मजबूत करेगा और संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
