
जबलपुर। गोहलपुर थाना अंतर्गत समता कॉलोनी अम्बेडकर कॉलोनी में चोरों ने पीआरओ के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त पीड़ित परिवार अपनी बेटी से मिलने मुंबई गया हुआ था। पड़ोसी की सूचना पर लौटे पीड़ित ने जब घर की हालत देखी, तो उनके होश उड़ गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, समता कॉलोनी निवासी शरद आचार्य (66) विजयनगर स्थित नचिकेता स्कूल में जनसंपर्क अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। वे बीते 23 मई को शाम करीब 6 बजे अपने घर का ताला बंद कर परिवार सहित मुंबई अपनी बेटी स्वर्णिमा आचार्य के घर गए थे। पूरा परिवार करीब पखवाड़े भर से मुंबई में ही था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। शरद आचार्य के पड़ोसी ने उन्हें मोबाइल पर सूचना दी कि उनके घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है और ताला टूटा पड़ा है। चोरी की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार मुंबई से रवाना हुआ और जबलपुर पहुंचा। पीड़ित ने घर आकर देखा तो मुख्य द्वार समेत अंदर के कमरों के ताले टूटे हुए थे। कमरों के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने बेडरूम में रखी अलमारी का लॉक कटर से काटा और उसमें रखे कीमती जेवरात समेट लिए। चोरी गए सामान में सोने की दो जोड़ी झुमकी, सोने के दो जोड़ी टॉप्स, एक कीमती डायमंड सेट, चांदी की दो जोड़ी पायल अन्य सोने-चांदी के आभूषण और नगदी शामिल हैं। पीड़ित शरद आचार्य की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉलोनी और मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
खितौला में टूटा सूने मकान का ताला
खितौला थाना अंतर्गत पालीवाल कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पालीवाल कॉलोनी निवासी अनिल कुमार पटेल परिवार सहित गांव खिरहनी कला गए थे। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लोहे की पेटी से सोने का मंगलसूत्र, चांदी के ब्रेसलेट, 2 जोड़ी पायल और 4 चूड़ियां पार कर दीं।
