गुना: शहर के बायपास मार्ग पर टेकरी की पुलिया के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर होने की वजह से हुई। हालांकि, हादसे के बाद कार चालक मौके से भागा नहीं और मौके पर ही मौजूद रहा। कार चालक ने बताया कि मोटरसाइकिल चालक बेहद तेज रफ्तार में आ रहा था।
उसने बाइक सवार को बचाने का भरसक प्रयास किया और गाड़ी को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन रफ्तार तेज होने के कारण कार और मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को अपने कब्जे में लिया और तुरंत पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आस-पास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है, साथ ही मामले की मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
