भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन के कुशल रणनीतिकार रहे सुंदर सिंह भंडारी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक, जनसंघ के संस्थापक सदस्य और भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने वाले भंडारी ने अपने अद्वितीय संगठन कौशल और समर्पण से राष्ट्रसेवा की। उनका जीवन सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
वहीं मुख्यमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में प्रदेश की खेल नीति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में खेल संस्कृति को और अधिक बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021’ में संशोधन किया गया है। इसके तहत सरकार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रतिवर्ष सीधी भर्ती की प्रक्रिया दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
