भाजपा नेताओं की चुटकी ले रहे लोग

मालवा- निमाड़ की डायरी

संजय व्यास: विगत दिनों उज्जैन भाजपा के पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं को शहर में चल रही महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का अवलोकन कराया गया. चूंकि सत्ताधारी पार्टी के पदाधिकारी सक्रिय कार्यकर्ता हैं तो उन्हें शहर में क्या चल रहा है सब पता होना चाहिए, लेकिन अवलोकन के दौरान उनके बोल फूटे कि- हम तो पहली बार देख रहे हैं, इतना कैसे बदल गया उज्जैन! लोगों ने उनकी इस अनभिज्ञता पर आश्चर्य जताया और चुटकी ली कि ये कैसे राजनेता हैं जिन्हें शहर में क्या चल रहा है, जानकारी तक नहीं. दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी उज्जैन नगर द्वारा प्रगति पथ कार्यक्रम आयोजित किया गया.

इस अनूठे नवाचार के तहत भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता ई-रिक्शा के माध्यम से शहर में चल रहे प्रमुख निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे. फ्रीगंज समानांतर ब्रिज, निर्माणाधीन मेडिसिटी, यूनिटी मॉल, आईटी पार्क तथा 1250 दर्शक क्षमता वाले अत्याधुनिक ऑडिटोरियम सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का अवलोकन किया गया. मौके पर ही सभी परियोजनाओं की प्रगति, की विस्तृत जानकारी भी दी गई.

इस मौके पर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया थी- हमने पहली बार घरों से निकलकर इतने बड़े पैमाने पर चल रहे विकास कार्यों को अपनी आंखों से देखा है. भरोसा ही नहीं हो रहा कि यह वही उज्जैन है जो कभी विकास की राह देखता था. हालांकि यह उनकी अतिश्योक्ति भरी सामान्य प्रतिक्रिया थी, अधिकांश नेताओं (इनमें शामिल कुछ शहर से बाहर के जनप्रतिनिधियों को छोडक़र) की नजरों से ये विकास के दृश्य गुजरते रहे हैं. वे तो उत्साह में यह बोल प्रकट कर गए, पर लोग अब उनकी चुटकी लेने से नहीं चूक रहे.
अनूठे मामले से चर्चित हुए नेताजी
2023 के विधानसभा चुनाव में बसपा से झाबुआ विधान सभा सीट से प्रत्याशी रहे बालू उस समय इतनी चर्चा में नहीं रहे, जितनी आज हो रही है. चुनाव में वे भाजपा -कांग्रेस के बाद तीसरे स्थान पर रहे थे, बस तब उनका नाम जुबान पर इसलिए था कि वे नोटा से ज्यादा वोट ले आए थे. वे भी इतनी सी बात से संतुष्ट थे की उन्होंने नोटा को पछाड़ दिया, वरना मुकाबले में वे कहीं से कहीं तक नहीं रहे.

लेकिन उन्हें एक मामले ने इस बार प्रदेश स्तर पर चर्चित कर दिया. वे भैंस चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए हैं, उनके पास से चोरी गई भैंस बरामद हुई थी. माहभर में जिले के बावड़ी माफी गांव में करीब दर्जनभर से उपर पशु चोरी हुए थे सो शंका की सूई नेताजी पर टिक गई है और ग्रामवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर. वे कह रहे हैं कि यदि ऐसे नेताजी जनप्रतिनिधि चुन लिए जाते तो क्षेत्र का क्या होता. खैर मामला कानूनी कार्रवाई में है. दोष सिद्ध होता है या निर्दोष निकलते हैं, बाद की बात है. अभी तो हर ओर उनकी ही चर्चा है.
और सराहनीय चर्चा इनकी
उत्कृष्ट प्रशासनिक अफसर के मामले में कुछ वर्षों से झाबुआ का नाम उल्लेखनीय है. पूर्व कलेक्टर नेहा मीना का नवाचार मोटी आई माडल की गूंज दिल्ली तक रही थी. उन्हें एक्सीलेंस अवार्ड से प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मानित किया था. 2 माह पूर्व डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिलाधीश की कमान सम्हाली और आते ही वे भी लगातार एक्टिव मोड में हैं. जमीनी हकीकत जानने के लिए वे बिना किसी लाव-लश्कर और काफिले के अचानक कहीं भी पहुंच जाते हैं. कहीं व्यवस्था में सुधार पर सख्ती बरत रहे हैं तो कहीं जन समस्या का तत्पर समाधान उनकी शैली में है.

डॉ. भरसट एमडी डॉक्टर रहे हैं और मुंबई सहित कई शहरों में डॉक्टर के रूप में सेवा दे चुके हैं. अब जमीनी अफसर के रूप में लोकप्रिय हो रहे हैं. हाल ही में एक निरीक्षण के दौरान उनकी मानवीय संवेदना सामने आई. वे पिटोल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने गए थे. ओपीडी में मरीजों और गर्भवती महिलाओं की कतार लगी थी. डाक्टर के काफी देर तक भी न आने से सभी परेशान थे. पहले तो डाक्टर की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई, पर जब उन्हें बताया गया कि केंद्र के डॉक्टर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम ड्यूटी पर गए हुए हैं तो उनका चिकित्सा भाव जाग गया. उन्होंने सभी का परीक्षण किया व दवाईयां भी लिखी. इसके बाद रोगी उनके इस कार्य के साथ सरल भाव की प्रशंसा कर रहे हैं

Next Post

सुबह 7 बजे सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने किया निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण

Tue Jun 16 , 2026
सिंगरौली: आज दिन मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे प्रातः भ्रमण के दौरान सीधी-सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद डां राजेश मिश्रा देवसर विधानसभा अंतर्गत ग्राम भैसाबुड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने गोपद नदी पर निर्माणाधीन नवीन पुल सहित क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान सांसद ने निर्माण […]

You May Like