सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के के निर्देशानुसार जिले की सभी तहसीलों एवं जनपदों में 3 दिवसीय जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इन शिविरों का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है. कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि शिविरों में लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के साथ-साथ 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए. यदि लोक सेवा गारंटी के आवेदनों के निराकरण में बिना उचित कारण के लापरवाही की जा रही है तो इस स्थिति में वरिष्ठ अधिकारी स्वयं उस आवेदन को मंगाकर निराकृत कराएं. इसके साथ ही यह भी देखें कि अधिनस्थ कर्मचारी द्वारा यदि जानबूझकर सेवा देने में विलंब किया गया है तो उस पर कार्यवाही के लिए प्रकरण को वरिष्ठ अधिकारी के पास भेजें.
