गोदाम में मिला 28 लाख का गांजा व नशीली दवा का जखीरा

सतना :नशीले पदार्थों के सिंडकेट के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ भोपाल की टीम ने 10 आरोपियों की पकड़ा था. जिनसे हुई पूछताछ में राज्य के विंध्य और महाकौशल क्षेत्र में फैले नशे के नेटवर्क का खुलासा हुआ. इसी कड़ी में एसटीएफ भोपाल और कोलगवां थाने की संयुक्त टीम ने रविवार को एक गोदाम में छापेमारी करते हुए 28 लाख रु का गांजा और नशीली कफ सीरप बरामद कर ली.

कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसटीएफ भोपाल द्वारा नशे के तस्करों को गिरफ्तार कर 13 जून को रिमाण्ड पर लिया गया था. इसी कड़ी में पकड़े गए एक आरोपी नवाब खान से एसटीएफ द्वारा की गई पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई. जिसके आधार पर एसटीएफ भोपाल की टीम रविवार की सुबह सतना पहुंच गई. कोलगवां थाने की पुलिस के साथ एसटीएफ की टीम ने डिलौरा क्षेत्र में स्थित एक गोदाम का निरीक्षण शुरु किया. पूछताछ के दौरान गोदाम स्वामी ने पुलिस को बताया कि रीवा निवासी अजय पटेल और रोहित जायसवाल द्वारा उक्त गोदाम को किराए पर लिया गया है.

उक्त गोदाम पर उन्हीं दोनों के ताले भी लगे हुए मिले. लिहाजा एसटीएफ और पुलिस टीम ने दोनों से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन ऐसा संभव नहीं हो सका. गोदाम की संदिग्ध परिस्थतियां स्पष्ट इशारा कर रही थीं कि यदि पुलिस ने कार्रवाई में जरा भी देर की तो वहां पर रखा सारा सामान अधर-उधर किया जा सकता है. लिहाजा वैधानिक प्रकिया पूरी करने के बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम ने गोदाम का ताला खोलकर जांच शुरु की. गोदाम में प्लास्टिक की बोरियों में कार्टून भरे रखे थे. जिन्हें खोलकर देखने पर कफ सीरप बरामद हो गई. इसी कड़ी में गोदाम में विभिन्न बोरों में गांजा भी भरकर रखा गया था. गणना-तौल के बाद जहां गोदाम में 7 हजार 200 शीशी कफ सीरप रखी मिली. वहीं दूसरी ओर कुल 260 किलो गांजा पाया गया. जिसकी कीमत 28 लाख रु आंकी गई.
नेटवर्क की जांच जारी
गोदाम में नशीले पदार्थों का जखीरा जब्त करने के बाद पुलिस ने आरोपी अजय पटेल और रोहित जायसवाल के विरुद्ध एनडीपीएस और एमपी ड्रग एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया. एसटीएफ और पुलिस द्वारा मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के साथ-साथ मादक पदार्थोंें के स्त्रोत, परिवहन और वितरण से संबंधित नेटवर्क की बारीकी से जांच शुरु कर दी गई है. वहीं फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीमें लगा दी गई हैं. बताया गया कि पुलिस की जांच से बचने के लिए आरोपी मालवाहक ट्रकों में अन्य वैध वस्तुओं की आड़ में इन कफ सीरप और गांजे का परिवहन करते थे.

Next Post

​सीहोर में एक ही हफ्ते में एसआर विहार कॉलोनी में दूसरी बड़ी चोरी, दहशत में रहवासी

Mon Jun 15 , 2026
सीहोर। जिला मुख्यालय पर लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. शहर में एक के बाद एक हो रही चोरियों से आम नागरिकों में भय का माहौल है, जबकि पुलिस अब तक कई मामलों में आरोपियों तक […]

You May Like