आष्टा। शहर के बुधवारा क्षेत्र में सराफा व्यापारी के साथ 26 लाख 40 हजार रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है. शातिर बदमाशों ने दो माह तक सोने के सिक्के गिरवी रखकर और समय पर रकम लौटाकर व्यापारी का विश्वास जीता, फिर नकली सोने के 23 सिक्के देकर 20 लाख रुपये नकद तथा 6 लाख 40 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए.
पुलिस के अनुसार बुधवारा निवासी गिरीराज पिता रामचंद्र सोनी की पटेल गिरीराज ज्वेलर्स नाम से दुकान है. शनिवार को दो व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे और 10-10 ग्राम वजन के 23 सोने के सिक्के बेचने की बात कही. सौदा तय होने के बाद व्यापारी ने उन्हें 20 लाख रुपये नकद और 6 लाख 40 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण दे दिए. आरोपी सामान और नकदी लेकर चले गए. कुछ देर बाद जब गिरीराज सोनी ने सिक्कों की जांच कराई तो वे नकली निकले. इसके बाद उन्होंने तत्काल आष्टा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई बार दुकान पर आए थे. वे असली सोने के सिक्के गिरवी रखकर कुछ दिनों बाद रकम वापस कर जाते थे. इस तरह उन्होंने धीरे-धीरे सर्राफा व्यापारी का विश्वास जीत लिया। दो दिन पहले आरोपी एक महिला के साथ भी दुकान पर आए थे.
ठगी की इस वारदात से शहर में सनसनी का माहौल बना हुआ है. मामले में थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने बताया कि सर्राफा व्यापारी से नकली सोने के सिक्कों के जरिए 20 लाख रुपए नगद और 6.40 लाख रुपए के सोने व चांदी के आभूषण ठगे गए हैं. आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए दो टीमों का गठन कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए आरोपी
दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो आरोपी दुकान के अंदर आते-जाते दिखाई दिए हैं, जबकि उनका एक साथी कुछ दूरी पर बाइक पर हेलमेट लगाकर खड़ा था. बाइक के नंबर प्लेट पर सफेद रंग पोता गया था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सके. वारदात के बाद तीनों आरोपी एक ही बाइक पर फरार होते नजर आए. आष्टा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है.
