
सीधी। विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति (बी-पैक्स) सोनवर्षा एवं बघौड़ी के नवीन समिति कार्यालयों का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि कृषि प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है तथा किसानों की समृद्धि के बिना ग्रामीण विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों को संगठित कर उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बी-पैक्स व्यवस्था किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विधायक श्री पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने तथा कृषि लागत कम करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बी-पैक्स के माध्यम से किसानों को खाद, बीज, ऋण, मृदा परीक्षण, कृषि सलाह एवं अन्य सहकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी और समय तथा संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास है और इसी भावना के साथ स्थापित बी-पैक्स सोनवर्षा एवं बघौड़ी क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित होंगे। इससे कृषि उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने तथा किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों से समितियों का अधिकतम लाभ लेने तथा सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद द्विवेदी, सिद्धार्थ गौतम, सीईओ जनपद पंचायत सिहावल रोहित उपाध्याय, सीईओ सहकारिता गणेश चंद्रवंशी, तहसीलदार जय प्रकाश पाण्डेय, आशय तिवारी सहकारी समिति निरीक्षक , नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी राकेश सिंह वैश सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
०००००००००००
