गुटबाजी, आपराधिक रिकॉर्ड ने बिगाड़ा भाजयुमो अध्यक्ष की कुर्सी का खेल

महाकौशल की डायरी

अविनाश दीक्षित

भारतीय जनता युवा मोर्चा के ग्रामीण और शहर अध्यक्ष की दौड़ को आपराधिक रिकॉर्ड और गुटबाजी ने बिगाड़कर रख दिया है। अंदरूनी चर्चाओं की मानें तो सूची भोपाल भेजी जा चुकी है और करीब 10 से 15 दिनों में दावेदारों के नाम पर मुहर भी लग जाएगी मगर खबर ये भी निकलकर आ रही है कि कहीं किसी भाजपा के दिग्गज ने आपत्ति लगाई तो सारी नियुक्ति फिर से थम जाएंगीं। मौजूदा हालातों में संगठन के भीतर अनुशासन की दीवारें ढहती नजर आ रही हैं और गुटों के बीच अंदरूनी खींचतान चरम पर पहुंच गई है।

दोनों क्षेत्रों के लिए दावेदारों की सूची बेहद लंबी है, लेकिन सबसे ऊपर सिर्फ बड़े भाजपा नेताओं के पुत्रों और उनके परिजनों के नाम चल रहे हैं। बीच में कुछ नाम फाइनल होने की चर्चा थी, लेकिन तभी दावेदारों के आपराधिक रिकॉर्ड और आपसी शिकायतों का पुलिंदा संगठन के शीर्ष नेतृत्व के पास पहुंच गया। इसके बाद से ही पूरी चयन प्रक्रिया रुक गई है। इस रस्साकशी के कारण जमीन पर काम करने वाले आम युवाओं को अपना नेतृत्व और प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। उधर गुटीय राजनीति के चलते एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए जमकर गुप्त शिकायतें की गईं। आपराधिक छवि और अनैतिक कार्यों में संलिप्तता के दस्तावेज सामने आने के बाद प्रदेश नेतृत्व भी अब असमंजस में पड़ गया है।
इस पूरे मामले में युवा वर्ग खुद को ठगा सा महसूस कर रहा है। राजनैतिक विशेषज्ञों की माने तो जब तक शीर्ष नेतृत्व इस गतिरोध को तोड़ने के लिए कोई कड़ा फैसला नहीं लेता, तब तक यह अंदरूनी कलह शांत होने वाली नहीं है। अब देखना होगा कि संगठन अपने पुराने अनुशासन को वापस लाता है या फिर रसूखदार नेताओं के दबाव के आगे आत्मसमर्पण करता है।

इश्कबाजी के फेर में उलझे उप कुलसचिव

हमेशा चर्चाओं से घिरे रहने वाला नैक द्वारा प्रदत्त ए ग्रेड का रानी दुर्गावती विश्व विद्यालय फिर एक बार चर्चा में आ गया है। अब चर्चा परीक्षा या विद्यालय के काम से नहीं जुड़ी है बल्कि उपकुलसचिव पर लगे इश्कबाजी के आरोप से यहां का माहौल गरमा गया है। जिसकी भनक भोपाल तक शिक्षा विभाग में पहुंच चुकी है।यह आरोप रादुविवि में काम करने वाले एक प्यून ने लगाए हैं। जबकि उपकुलसचिव ने प्यून के खिलाफ सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि प्यून वेतन वृद्धि बढ़वाने के लिए गाली गलौच कर रहा है और झूठे मामले में फंसा रहा है।

मामले के सार्वजनिक होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल एक कर्मचारी के सम्मान का मामला है, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय की छवि को धूमिल करने वाला विषय है। खबर है कि प्यून रविंद्र कुमार तिवारी ने आरोप लगाया है विवि के अधिकारी पवन साहू ने उसकी समस्या का समाधान निकालने की जगह शर्त रख दी कि अपनी पत्नी से मिलवाओ और वेतन वृद्धि पाओ। इस गंभीर आरोप के बाद विवि के गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। देखना होगा कि पुलिस की जांच में किसके आरोप सही साबित होते हैं और कौन झूठा…।

साहब ने तय किया अर्श से फर्श तक का सफर

एक समय था जब पद से रिटायर होने के बाद भी पूर्व तहसीलदार के गिरेबां में जिला प्रशासन या पुलिस महकमा हाथ डालने से कतराता था, जानकारी सभी को थी कि पूर्व तहसीलदार की तमाम होटलों, रिसॉर्ट में प्रेमी युगल आते थे जिनमें से किसी की आईडी ली जाती थी तो किसी की नहीं….लेकिन बीते कुछ दिन दबदबेदार पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी के लिए काल बनकर आया जिसने साहब को जेल तक की हवा खिला दी। हुआ यूं कि सबसे पहले साहब की होटल में एक हिंदु युवती के साथ एक मुस्लिम युवक मिला, जिसके बाद जबलपुर में बड़ा बवाल हुआ, इसके तुरंत बाद पूर्व तहसीलदार के बरेला थानांतर्गत नेंगई सिरौरा ग्राम स्थित निर्सग रिसॉर्ट के वाटर फॉल में करंट लगने से एक युवक की मौत हुई। जिसके बाद रिसॉर्ट को सील करने के बाद विवेक त्रिपाठी को जेल तक की हवा खानी पड़ गई।

चर्चाएं तेज हैं कि साहब के होटलों में अनैतिक कामों की खबर जिला व पुलिस प्रशासन को लम्बे अर्से से थी। इसके अलावा चर्चा तो यह भी है कि होटल, रिसॉर्ट अवैध जमीन में निर्मित है मगर तानी गई ईमारतों की जांच की जहमत जिम्मेदारों ने नहीं उठाई। बहरहाल जानकारों का कहना है कि पूर्व तहसीलदार के कारनामों में सहयोग करने वाले जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को भी जांच की जद में लाना चाहिए तभी ये कहना मुनासिब होगा कि अब ऊंट आया है पहाड़ के नीचे।फिलहाल पूर्व तहसीलदार के खेमे में ये भी चर्चाएं व्याप्त हैं कि पता नहीं यार किसकी बुरी नजर साहब को लग गई है। जो ऐसे दिन देखना पड़ रहे हैं। कुल मिलाकर कहा जा सकता है अर्श से फर्श तक का सफर साहब ने हाल ही में देख लिया है।

Next Post

बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन,15 दिन से खराब सप्लाई, पेयजल संकट से फैल रही बीमारी

Sat Jun 13 , 2026
हटा/दमोह: जिले के वर्धा, पाठा, मुराछ के ग्रामीणों ने शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में सब स्टेशन हिनौता पहुंचकर कनिष्ठ अभियंता, मंडल हिनौता के नाम हटा ए.ई. राजेश सहाय को ज्ञापन सौंपा.ग्राम पंचायत पाठा सरपंच श्रीमती फूलबाई, उप सरपंच सुहाग रानी के नेतृत्व में पंचायत पाठा, वर्धा, मुराछ के लोगों ने […]

You May Like