दहेज प्रताड़ना के चलते विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया जहर देने का आरोप

गुना। जिले के म्याना थाना क्षेत्र के अंतर्गत नसीरा गांव में एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका भावना यादव के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, भावना की शादी 2 साल पहले हुई थी। परिजनों का आरोप है कि पिछले 5 महीनों से उसे दहेज की मांग को लेकर लगातार परेशान किया जा रहा था। बुधवार (13 मई) को जब भावना का भाई सुजीत यादव अपनी बहन को विदा कराने नसीरा गांव पहुंचा, तो वहां विवाद की स्थिति बन गई। सुजीत का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की, जिसके बाद पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया। इसी गहमागहमी के बीच भावना की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

तबीयत बिगड़ने पर भावना को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, भोपाल पहुँचने से पहले ही रास्ते में भावना की मौत हो गई। मायके पक्ष का दावा है कि ससुराल के लोग उसे अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वहां से फरार हो गए।

गुरुवार सुबह गुना जिला अस्पताल में मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Next Post

बाइस साल में 54 बार विदेश यात्रा पर गये राहुल, 64 करोड़ रुपये खर्च, किसने उठाया खर्च :भाजपा

Thu May 14 , 2026
नयी दिल्ली 14 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने और वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है तथा सवाल किया है कि उनके विदेश दौरे का खर्च कौन उठाता है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं लोकसभा सांसद […]

You May Like