अवैध प्रेम संबंध से छुटकारा पाने के लिए रची थी खूनी साजिश

सीहोर/भैरूंदा। क्षेत्र के ग्राम भादाकुई में हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया. पांच साल पुराने प्रेम संबंध से छुटकारा पाने के लिए आरोपी महिला ने अपने पति, बेटी और रिश्तेदारों के साथ मिलकर साजिश रची. पहले मृतक की आंखों में मिर्च डाली गई, फिर दुपट्टे और गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. बाद में शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी उसे कार में डालकर मंडीदीप ले गए और वहां छोड़ आए.

पुलिस के अनुसार, 31 मार्च को मंडीदीप रेलवे स्टेशन के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था. जांच के दौरान मृतक की पहचान भोपाल निवासी 50 वर्षीय संतोष शर्मा के रूप में हुई. मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर संदेही विरेन्द्र तुमराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया.

जांच में सामने आया कि मृतक और मुख्य आरोपी रजनी उईके के बीच पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध थे। इस संबंध की जानकारी रजनी के पति और परिवार को लगने के बाद विवाद बढ़ गया। रजनी मृतक से पीछा छुड़ाना चाहती थी, जिसके चलते उसने अपने पति भगवान सिंह, बेटी पूजा उईके और रिश्तेदार रामविलास उईके व विरेन्द्र तुमराम के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई.

योजना के तहत 30 मार्च की रात मृतक को फोन कर घर बुलाया गया. वहां रजनी ने उसकी आंखों में मिर्च डाल दी, जिससे वह असहाय हो गया. इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर दुपट्टे और गमछे से उसका गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी. वारदात के बाद शव को मृतक की ही कार में डालकर मंडीदीप ले जाकर छोड़ दिया गया, ताकि मामला छुपाया जा सके. मंडीदीप पुलिस द्वारा शव बरामद करने के बाद मामला भैरूंदा थाना क्षेत्र से जुड़ा पाया गया. पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से कार्रवाई करते हुए 3 अप्रैल को पांचों आरोपियों रजनी उईके, भगवान सिंह उईके, पूजा उईके, रामविलास उईके और विरेन्द्र तुमराम को गिरफ्तार कर लिया.

आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा, गमछा और मृतक का मोबाइल बरामद किया गया है. आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घनश्याम दांगी व टीम की भूमिका रही.

 

Next Post

विकासखंडों में कल से लगेंगे पुस्तक मेले

Sun Apr 5 , 2026
सीहोर। निजी स्कूलों व स्टेशनरी दुकानों की मोनोपाली रोकने कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार विद्यार्थियों को उचित मूल्य पर पुस्तकें, स्टेशनरी एवं यूनिफार्म उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी विकासखंडों में 06 अप्रैल से 09 अप्रैल तक विकासखंड स्तरीय पुस्तक मेलों का आयोजन किया जाएगा. कलेक्टर द्वारा जारी […]

You May Like