नयी दिल्ली, 03 जून (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी के मालवीय नगर इलाके में बुधवार को एक रेस्टोरेंट में आग लगने की घटना में दस लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य झुलस गये । दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने इस हादसे में 10 लाेगों के मारे जाने की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि बचाये गये सभी लोगों को केंद्रीयकृत दुर्घटना एवं ट्रॉमा सेवा (कैट्स) एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। नेहरू प्लेस अग्निशमन केंद्र के डिविजनल अधिकारी (डीओ) रविंदर मौके पर मौजूद हैं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्तरां में आग लगने की सूचना सुबह पौने दस बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। अग्निशमन विभाग ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है और आग पर काबू पाने का अभियान जारी है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

