भैरूंदा 3 सितंबर. पुलिस ने ग्राम राला से ट्राली चोरी करने के आरोपी को पिपरिया से पकडऩे में सफलता हासिल की है. आरोपी ने पहचान छुपाने ट्राली पर नया रंग- रोगन कर दिया था. आरोपी के खिलाफ पूर्व में मोबाइल चोरी व दुष्कर्म के मामले भी पंजीबद्व हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 1 सिंतबर को ग्राम राला निवासी इमरान खान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ट्राली बनाने का काम करता है तथा गत दिनों उसके घर के बाहर खड़ी ट्राली को अज्ञात चोर चुरा ले गए. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर चोर की तलाश प्रारंभ कर दी थी.
वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर पुलिस ने टीम गठित कर चोर को पकडऩे के प्रयास शुरू किए. आरोपीगण की तलाश हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया व तकनीकी सहायता प्राप्त की जिसके परिणाम स्वरुप आरोपी विक्रम पिता श्रीराम बारेला उम्र 24 साल निवासी गुराड़ी थाना इछावर को मंगलवार को खापरखेड़ा पिपरिया से गिरफ्तार किया गया. आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ट्रॉली कीमत 1.5 लाख और चोरी करने में प्रयोग किए ट्रेक्टर को जप्त किया गया. आरोपी विक्रम बारेला को न्यायालय पेश किया गया जहां से उसे जेल दाखिल कराया गया.
पुलिस द्वारा मामले में जानकारी देते हुए बताया गया कि आरोपी विक्रम के खिलाफ पूर्व में मोबाइल चोरी और दुष्कर्म के मामले भी पंजीबद्व हैं. आरोपी ने ट्राली की पहचान छुपाने के लिए उस पर रंग- रोगन कर दिया था.
