सीहोर।पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा बुधवार को थाना इछावर, चौकी लाड़कुई, थाना भैरुन्दा एवं थाना गोपालपुर का निरीक्षण किया गया.
पुलिस कप्तान द्वारा भ्रमण के दौरान आगामी त्यौहारों डोल ग्यारस,ईद मिलादुन्नबी, अनंत चतुर्दशी एवं विसर्जन की तैयारियों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस बल के साथ- साथ नगर रक्षा समिति एवं सिविल डिफेंस वॉलंटियर की सेवाएं लिए जाने पर भी विशेष बल दिया गया. ग्रामीण क्षेत्रों में सचिव, पटवारी, कोटवार व पुलिस बल के माध्यम से उचित व्यवस्था बनाकर शांति पूर्वक श्री गणेश मूर्तियों का विसर्जन कराने के निर्देश दिए.
इछावर एवं भैरुन्दा क्षेत्र के विसर्जन कुंड का निरीक्षण कर उचित प्रकाश व्यवस्था बनाने, गोताखोर, नाव तथा बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु क्रेन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए. सभी थाना प्रभारियों व चौकी प्रभारी लाड़कुई को अपराध नियंत्रण और आगामी त्यौहारों को शांति एवं सोहाद्रपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु दिशा-निर्देश दिए गए.
