बाइस साल में 54 बार विदेश यात्रा पर गये राहुल, 64 करोड़ रुपये खर्च, किसने उठाया खर्च :भाजपा

नयी दिल्ली 14 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने और वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है तथा सवाल किया है कि उनके विदेश दौरे का खर्च कौन उठाता है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं लोकसभा सांसद संबित पात्रा ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री गांधी के विदेश दौरे का ब्योरा दिया और कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए श्री गांधी पिछले 22 वर्ष में 54 बार विदेश यात्रा पर गये और इन दौर पर 64 करोड़ रुपये से अधिक खर्च आया, जो एक बड़ी जांच का विषय है। उन्होंने बताया कि श्री गांधी ने जिन देशों के दौरे किये, उनमें इटली, ब्रिटेन, अमेरिका, जर्मनी, वियतनाम, कंबोडिया, सिंगापुर, बहरीन, मालदीव, कतर, संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश शामिल है। इसके अलावा तीन मई 2026 को एक्स और सोशल मीडिया के पोस्ट पर जो तस्वीरें शामिल आई हैं और जो अघोषित यात्रा रही उसमें मस्कट और ओमान भी शामिल है।

उन्होंने सवाल किया कि आखिर श्री गांधी की इतनी महंगी यात्राओं का खर्च कौन उठाता है। उन्होंने कहा कि देश यह जानना चाहता है कि श्री गांधी इन यात्राओं का प्रायोजक कौन है और इसके पीछे के असली इरादे क्या हैं। भाजपा नेता ने श्री गांधी के चुनावी हलफनामे और घोषित आय को लेकर कहा, “पिछले 10 वर्षों में श्री गांधी की कुल आमदनी लगभग 11 करोड़ रुपये रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जिस व्यक्ति की 10 साल की कमाई 11 करोड़ हो, वह 64 करोड़ रुपये विदेश यात्राओं पर कैसे खर्च कर सकता है।” श्री पात्रा ने आरोप लगाया कि श्री गांधी कई विदेशी दौरों का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है और वह अक्सर गोपनीय तरीके से विदेश जाते हैं। उन्होंने श्री गांधी पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि वह कई बार एसपीजी सुरक्षा को चकमा दिया या सुरक्षाकर्मियों को साथ न लेकर विदेश गये। उन्होंने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि आखिर विदेश में श्री गांधी किससे मिलते हैं, जिसे वह देश की सुरक्षा एजेंसियों से छिपाना चाहते हैं।

Next Post

केरल में सतीशन कांग्रेस विधायक दल के नेता

Thu May 14 , 2026
नयी दिल्ली 14 मई (वार्ता) केरल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी डी सतीशन को पार्टी विधायक दल का नेता घोषित किया गया है। कांग्रेस की केरल प्रदेश प्रभारी दीपादास मुंशी ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि श्री सतीशन को केरल में पार्टी विधायक […]

You May Like