
रीवा, विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने 8 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने वैज्ञानिक तकनीक और हुलिया के आधार पर आरोपी को दबोचा.
03 जून को फरियादिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी छोटी बच्ची मंगलम पार्क में खेल रही थी तभी अज्ञात आरोपी टॉफी का लालच देकर मोटर साइकिल से अपहरण कर ले गया. रिपोर्ट पर तत्काल नाकाबंदी कर पुलिस ने 2 घंटे के अंदर बच्ची को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया था. बालिका के कथन और महिला बाल कल्याण समिति के समक्ष काउंसिलिंग में दुष्कर्म व लैंगिक अपराध की पुष्टि हुई. इसके बाद प्रकरण में बलात्कार की धाराएं बढ़ाकर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई. वैज्ञानिक तकनीक और हुलिया के आधार पर तलाश के बाद आरोपी पकड़ा गया. पूछताछ में उसने अपना नाम सर्वेश निखिल द्विवेदी पिता शशिकान्त द्विवेदी उम्र 26 वर्ष निवासी लुक थाना जवा जिला रीवा बताया. कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल जब्त कर ली है आरोपी से पूछताछ जारी है.
