जबलपुर: छावनी परिषद जबलपुर द्वारा अचानक बढ़ाए गए टैक्स व बाजार रेंट का खुलकर विरोध शुरू हो गया है। पहले जनप्रतिनिधियों के सहारे व्यापारियों व कैंट के रहवासियों ने राहत पाने का प्रयास किया, लेकिन जब टैक्स से कोई राहत नहीं मिली तो व्यापारियों ने अब खुद ही कैंट बोर्ड प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने की तैयारी में हैं इस मामले में क्षेत्रीय व्यापारियों, नागरिकों ने आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए छावनी जन आंदोलन समिति का गठन किया है।
जिसकी पहली चौपाल 7 मार्च को सदर काली मंदिर के समीप आयोजित हुई। इस चौपाल में तय किया गया है कि 12 मार्च को कैंट बोर्ड सीईओ को अपनी मांगों से जुड़ा एक चेतावनी पत्र दिया जाएगा। जिसमें निर्धारित समय सीमा पर अगर मांगे पूरी नहीं होगी, तब बोर्ड प्रशासन के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद किया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि छावनी जन आंदोलन समिति में सभी राजनैतिक, समाजिक व अन्य संगठनों से जुड़े पदाधिकारी शामिल है। वहीं चौपाल में यह भी तय किया गया है कि पूरा आंदोलन जन सहयोग से चलाया जाएगा।
