धुले, 12 जून (वार्ता) महाराष्ट्र के धुले जिले में रसायनों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गयी।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, रसायनों से लदा यह ट्रक चोपड़ा से शिरपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान शिरपुर तालुका के सावरगांव के पास एक अज्ञात वाहन के अचानक सामने आ जाने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया और उसमें आग लग गयी। कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक जलकर पूरी तरह राख हो गया। सुबह-सुबह हुयी इस अचानक घटना से सावरगांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।
इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और दुर्घटना के बाद राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं। गनीमत रही कि ट्रक के चालक और कंडक्टर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। थालनेर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। थालनेर पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के प्रयास में जुटी है। पुलिस दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस हादसे में ट्रक और उसमें लदे माल को मलबे में तब्दील होने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
