सूने घर में घुसे चोर, 15 लाख के जेवर पार

सतना: सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत अमौधा में एफसीआई (FCI) गोदाम के पास बुधवार देर रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहाँ एक ऑटोमोबाइल कंपनी के मैनेजर के सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी साफ कर दी। इस पूरी घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मौके पर पहुंची पुलिस ने एक चोर को घर के अंदर ही पकड़ लिया था, लेकिन वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर रफूचक्कर होने में कामयाब रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशीष मिश्रा इंदौर में एक ऑटोमोबाइल्स कंपनी में मैनेजर हैं और उनका परिवार अमौधा में किराए के मकान में रहता है। बुधवार को उनकी पत्नी और बेटी अपने मायके कोरीगवां गई हुई थीं। आशीष खुद इंदौर से सतना आने के लिए ट्रेन में सफर कर रहे थे।रात करीब 1:30 बजे घर के सामने रहने वाली एक महिला ने आहट सुनी। जब उन्होंने छत से देखा तो दो संदिग्ध बदमाश घर के अंदर दाखिल हो रहे थे। उन्होंने घर की लाइट जलती देख तुरंत इसकी सूचना फोन पर आशीष मिश्रा को दी। आशीष ने तत्काल डायल 112 पुलिस को मामले की जानकारी देकर मौके पर भेजा।

पड़ोसी महिला के मुताबिक, सूचना के बाद डायल 112 की दो टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस को आता देख एक बदमाश तो पिछले रास्ते से कूदकर भाग निकला, लेकिन दूसरे बदमाश को पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घर के अंदर ही दबोच लिया। हालांकि, पुलिस की लापरवाही तब सामने आई जब घर से बाहर लाते समय वह पकड़ा गया बदमाश भी पुलिसकर्मियों को झटका देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग खड़ा हुआ।

उधर, सुबह तड़के जब आशीष की पत्नी घर पहुंचीं तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गईं। कमरों का सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। चोरों ने बड़ी ही तसल्ली से पेटी, अलमारी, सूटकेस और दीवान के बक्से खंगाले थे। आशीष मिश्रा के अनुसार, अलमारी में रखे लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के पुश्तैनी गहने और नकदी गायब थी।

गुहार लगाने पर भी नहीं खुला थाने का चैनल गेट

इस मामले में पुलिस के रवैये ने पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया। गुरुवार सुबह जब आशीष की पत्नी और पड़ोसी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराने सिविल लाइन थाना पहुंचे, तो थाने का मुख्य चैनल गेट बाहर से बंद मिला। पीड़ितों का आरोप: “हम सुबह-सुबह इतनी बड़ी चोरी की रिपोर्ट लिखने थाने पहुंचे, लेकिन गेट पर ताला लटका था। काफी आवाज लगाने और शोर मचाने के बाद भी अंदर से कोई पुलिसकर्मी बाहर नहीं आया।”
पुलिस की इस घोर लापरवाही और चोर के हाथ से छूटकर भाग जाने की घटना को लेकर पीड़ित परिवार और पूरे अमौधा मोहल्ले के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। फिलहाल, वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू कर दी है

Next Post

खोवा मण्डी 108 एंबुलेंस पार्किंग के लिए आरक्षित

Fri Jun 12 , 2026
सतना : जिला चिकित्सालय रोड पर पिछले 3 दिनों से जारी अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच एसडीएम सिटी, सिविल सर्जन और डीएसपी ट्रैफिक की अगुआई में गुरुवार को अस्पताल में बैठक ली गई. जिसमें यह निर्णय लिया गया कि अस्पताल परिसर में खड़ी रहने वाली 108 एंबुलेंस को खोवा मण्डी […]

You May Like