आधे घंटे की बारिश ने दी गर्मी से फौरी राहत

सतना: पिछले 3 दिनों से 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने हुए तापमान ने शहरवासियों को भीषण गर्मी से बेहाल कर रखा था। गुरुवार को भी दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहा, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट बदल ली।

शाम करीब 7 बजे तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं और कुछ ही देर बाद गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश ने लोगों को तपिश से फौरी राहत जरूर दिलाई, लेकिन बारिश थमने के बाद उमस बढऩे की आशंका भी जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से काफी अधिक है। शहरवासियों को अब जल्द मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने का इंतजार है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

बिजली गुल, सडक़ें प्रभावित

बारिश और तेज हवाओं का असर शहर की विद्युत व्यवस्था पर भी पड़ा। गरज-चमक के बीच कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लंबे समय तक ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही। कुछ क्षेत्रों में रात करीब 10:30 बजे के बाद बिजली बहाल कर दी गई, लेकिन कई मोहल्ले देर रात तक अंधेरे में डूबे रहे। इधर, तेज हवाओं के कारण सितपुरा के पास सतना-नागौद मार्ग पर एक विशाल पेड़ बीच सडक़ पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Next Post

स्कूलों में नवाचार बढ़ाने, नामांकन मजबूत करने और परीक्षा परिणाम सुधारने पर दिया जोर

Fri Jun 12 , 2026
मैहर :नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने जिले के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों को बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार लाने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्राचार्यों को पुरस्कृत किया […]

You May Like