मुंबई, (वार्ता) अनमोल सिनेमा पर फिल्म ‘ रत्नम ’ का प्रीमियर 06 सितंबर को शाम 7:30 बजे होगा।
निर्देशक हरी की पॉवर-पैक्ड फिल्म रत्नम में सुपरस्टार विशाल, प्रिया भवानी शंकर, गौतम मेनन, समुथिरकानी और योगी बाबू नज़र आयेंगे। ‘मैं हूँ सूर्या’ और ‘ सिंघम 2 ’ जैसी हिट फिल्में देने वाले हरी ने इस बार एक ऐसा रोमांचक सफर रचा है, जिसमें धड़कनें बढ़ा देने वाला एक्शन, दिल को छू लेने वाले पल और शानदार परफॉर्मेंस शामिल है, जो दर्शकों को शुरू से आखिरी तक स्क्रीन से बाँधे रखेंगे।
विशाल ने कहा , “रत्नम का किरदार निभाना मेरे लिए एक यादगार अनुभव था। वह वफादारी और नेकी के गहरे जज़्बातों वाला एक पेचीदा किरदार है। फिल्म में एक्शन, ड्रामा और इमोशन का संगम है और मैं दर्शकों द्वारा इसे देखे जाने के लिए उत्साहित हूँ। रत्नम और लड़की के बीच का रिश्ता वाकई खास है, जो हमें हिफाज़त और त्याग की अहमियत बताता है।”
प्रिया भवानी शंकर ने कहा, “जिस चीज ने मुझे रत्नम की ओर आकर्षित किया, वह कहानी की गहराई और किरदारों की ताकत थी। मेरे किरदार का सफर रत्नम के साथ बहुत गहराई से जुड़ा हुआ है और मेरा मानना है कि दर्शक इन जज़्बातों से बखूबी जुड़ेंगे। इस फिल्म में किरदारों की उलझनों को देखते हुए मुझे उस पल का बेसब्री से इंतज़ार है, जब दर्शक उनके सफर को महसूस करेंगे।”
