भोपाल:मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज उत्तर प्रदेश के प्रवास के दौरान कान्हा की पावन नगरी मथुरा पहुंचे, जहाँ उन्होंने वृंदावन स्थित नवनिर्मित जीवन दीप आश्रम के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का आश्रम प्रबंधन और स्थानीय संतों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। उपस्थित जनसमूह और साधु-संतों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ब्रज की यह पावन भूमि केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत केंद्र है।
उन्होंने जीवन दीप आश्रम की स्थापना की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान भविष्य में न केवल धर्म के प्रचार-प्रसार का माध्यम बनेगा, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा के संकल्प को भी सिद्ध करेगा।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उज्जैन और मथुरा के आध्यात्मिक संबंधों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर स्थित सांदीपनि आश्रम, जहाँ भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा ग्रहण की, और उनकी लीला स्थली मथुरा-वृंदावन के बीच का यह अटूट संबंध हमारे सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि संतों के सानिध्य में आने से समाज को नई ऊर्जा और सही दिशा प्राप्त होती है, जो राष्ट्र निर्माण के मार्ग को प्रशस्त करती है।लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया
