इंदौर: परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा का पीछा कर उसे परेशान करने और विरोध करने पर उसके पिता को धमकी देने का मामला सामने आया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी आरडी कानवा ने बताया कि 17 वर्षीय छात्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि फिरोज गांधी नगर में रहने वाला हर्ष यादव काफी समय से उसका पीछा कर रहा था. वह रोजाना स्कूल आते-जाते समय उसके पीछे-पीछे चलता और उसे डराने-धमकाने जैसी हरकतें करता था.
घटना के दिन भी आरोपी छात्रा का पीछा करते हुए स्कूल तक पहुंच गया. घर लौटने पर छात्रा ने पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी. इसके बाद उसके पिता आरोपी को समझाने के लिए पहुंचे. आरोप है कि समझाइश देने पर हर्ष यादव उलटा भड़क गया और छात्रा के पिता को धमकी देते हुए कहा कि अगर उनकी बेटी उससे बात नहीं करेगी तो वह उसे जान से मार देगा. घटना से सहमी छात्रा परिजनों के साथ थाने पहुंची, जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
